कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कार्यक्रमों की रूपरेखा समय से तैयार करने के दिए निर्देश
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कार्यक्रमों की रूपरेखा समय से तैयार करने के दिए निर्देश

देहरादून, 13 अक्टूबर। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज कैंप कार्यालय में कृषि एवं उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेश में बेमौसम बारिश एवं अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल क्षति का तत्काल सटीक आकलन कर प्रभावित किसानों को बिना किसी देरी के क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, किसानों को फसल बीमा योजना के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों से आउटसोर्स के माध्यम से राज्य के सभी जिलों में स्थित राजकीय उद्यानों और पौधशालाओं में 415 माली के पदों पर आउटसोर्स के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया की भी जानकारी लेते हुए आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। इस पर विभागीय अधिकारियों ने अवगत कराया कि एक माह के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर विभाग को 415 माली उपलब्ध करा दिए जाएंगे। इससे राजकीय उद्यानों एवं पौधशालाओं में कार्यों के संचालन को गति देने में मदद मिलेगी।
बैठक में पॉलीहाउस योजना की समीक्षा करते हुए मंत्री जोशी ने स्थापना कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि प्रदेश में पॉलीहाउस स्थापना का लगभग 38 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है शेष कार्य गतिमान है। मंत्री जोशी ने अधिकारियों को पॉलीहाउस निर्माण युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने नवंबर माह में कृषि एवं उद्यान विभाग की ओर से प्रस्तावित टी फेस्टिवल सहित अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रमों की रूपरेखा समय से तैयार करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कृषि मंत्री जोशी ने जियो लाइन टैंक निर्माण कार्यों को भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।
बैठक में अपर सचिव एवं महानिदेशक कृषि एवं उद्यान डॉ. आनंद श्रीवास्तव, निदेशक उद्यान डॉ. आर.के. सिंह, निदेशक कृषि दिनेश कुमार, निदेशक बागवानी मिशन महेंद्र पाल,अपर निदेशक डाॅ. रतन कुमार, सीईओ औद्यानिक परिषद नरेंद्र यादव सहित अन्य विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।