November 11, 2026

हरक सिंह के आरोपों पर जैनी का पलटवार, बोलीं- डीएनए टेस्ट और सीबीआई जांच अभी कराइए

0
IMG_20261110_201456

हरक सिंह के आरोपों पर जैनी का पलटवार, बोलीं- डीएनए टेस्ट और सीबीआई जांच अभी कराइए

 

 

देहरादून।

उत्तराखंड में जैनी प्रकरण को लेकर सियासी और कानूनी घमासान लगातार तेज होता जा रहा है। अब जैनी ने एक बार फिर पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. हरक सिंह रावत को सीधे निशाने पर लेते हुए कई ऐसे सवाल उठाए हैं, जिनका जवाब वह सार्वजनिक रूप से मांग रही हैं। जैनी का ताजा बयान इस पूरे विवाद को एक नए मोड़ पर ले आया है।

जैनी ने कहा कि हरक सिंह रावत उन पर उग्रवादी या आतंकवादी होने जैसे गंभीर आरोप लगा रहे हैं। अगर उन्हें पहले से पता था कि वह ऐसी गतिविधियों में शामिल थीं, तो फिर उन्हें अपने घर में जगह क्यों दी गई? उन्होंने हरक सिंह के बच्चों तुषित और पूनम का जिक्र करते हुए कहा कि वह उनके साथ घर में रहती थीं, खेलती थीं, बैडमिंटन खेलती थीं और साथ में खाना-पीना होता था। ऐसे में सवाल है कि यदि वह वाकई किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल थीं तो उस समय उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई?

 

 

जैनी ने असम में हथियारों के साथ पकड़े जाने और हथियारों की सप्लाई करने संबंधी आरोपों को भी जांच के दायरे में लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि उनके गांव और परिवार के बारे में जांच की जा सकती है। वह खुद चाहती हैं कि हर पहलू की निष्पक्ष जांच हो और सच्चाई सामने आए।

लेकिन जैनी का सबसे गंभीर आरोप उनके कथित पुराने शोषण को लेकर है। उन्होंने दावा किया कि नाबालिग अवस्था में उन्हें दिल्ली के अलग-अलग होटलों और नोएडा में अलका के घर पर रखा गया था। करोल बाग और अन्य स्थानों का जिक्र करते हुए उन्होंने हरक सिंह पर लगातार शोषण करने के आरोप लगाए। जैनी ने कहा कि उस समय वह छोटी थीं और उन्हें बहुत सी बातों की समझ नहीं थी, लेकिन अब वह जांच एजेंसियों को संबंधित स्थानों तक ले जाने और पूरी जानकारी देने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने पुराने डीएनए परीक्षण पर सवाल उठाते हुए नए सिरे से पितृत्व परीक्षण और सीबीआई जांच की मांग दोहराई। जैनी ने कहा कि अब वह जांच की प्रक्रिया समझती हैं और किसी भी जांच के लिए तैयार हैं। उन्होंने हरक सिंह को मानहानि का मुकदमा करने की चेतावनी भी दी।

इस पूरे प्रकरण में कांग्रेस की भूमिका भी सवालों के घेरे में चर्चा का विषय बन रही है। हरक सिंह रावत कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पार्टी की अहम जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि पार्टी नेतृत्व इस गंभीर विवाद पर क्या रुख अपनाएगा? क्या कांग्रेस नेतृत्व अपने वरिष्ठ नेता से सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करने को कहेगा? क्या पार्टी के लिए चुनावी जिम्मेदारी से पहले इस मामले की निष्पक्ष जांच और तथ्यों का सामने आना महत्वपूर्ण नहीं होना चाहिए?

 

 

गौरतलब है कि जैनी ने 7 नवंबर को डीजीपी से शिकायत कर दोबारा जांच की मांग की थी। उनकी शिकायत पर पुलिस स्तर पर जांच की जिम्मेदारी महिला क्षेत्राधिकारी को सौंपी गई है। अब इस पूरे विवाद में जैनी की मांग, हरक सिंह रावत का पक्ष और जांच एजेंसियों के सामने आने वाले तथ्य ही आगे की दिशा तय करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed